पांच नए क्षेत्रों की ओर बढ़ी वायरस की चेन, 39 पहुंचा आंकड़ा

कोरोना वायरस की चेन पटना के फुलवारीशरीफ, न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी, बेली रोड, राजा बाजार की मछली गली और नौबतपुर क्षेत्र तक पहुंच गई है। सोमवार को इन इलाकों में रहने वाले छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें एक सवा दो साल का बच्चा, एक महिला समेत चार एयरपोर्ट के सफाईकर्मी हैं तो एक युवक एक माह पूर्व दिल्ली से आया है। बच्चे को नौबतपुर में कई जगह इलाज कराने के बाद 25 अप्रैल को आइजीआइएमएस में आंख के ऑपरेशन के लिए लाया गया था। वहीं इन मामलों के साथ ही पटना में संक्रमितों की संख्या 39 हो गई है।

बच्चे के माता-पिता की होगी जांच

डॉक्टर ने बताया कि IGIMS ने आंख का ऑपरेशन कराने के पहले जब बच्चे की जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब उसके परिजनों का नमूना लेकर भी जांच कराई जाएगी। इस बीच IGIMS ने बच्चे समेत अस्पताल में भर्ती दोनों कोरोना संक्रमितों को NMCH भेज दिया है।

पटना के लिए 48 घंटे अहम

बिहार की राजधानी पटना में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। यहां के अलग-अलग इलाकों से 39 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। अभी तक आधा दर्जन से अधिक एरिया कंटेनमेंट जोन घोषित किए जा चुके हैं। मंगलवार को 50 से अधिक सैंपल की जांच रिपोर्ट आने वाली है। इसके अलावा नए इलाकों से भी सैंपल लिए जाएंगे जिसकी रिपोर्ट बुधवार तक आएगी। ऐसे में अगले दो दिन पटना के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।

एयरपोर्ट सफाई कर्मी पॉजिटिव

सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर चौधरी ने बताया कि खाजपुरा निवासी व एटीएम में कैश लोड करने वाली सीएमएस एजेंसी के एचआर विभाग के कर्मी के मकान में एयरपोर्ट का एक सफाईकर्मी किराएदार था। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर रविवार को एयरपोर्ट के 49 सफाईकर्मियों व सुरक्षागार्डों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से चार अन्य सफाईकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं एक युवक जयपुर में रहकर पढ़ाई करता था और एक माह पूर्व दिल्ली से होते हुए पटना आया था। इनके संपर्क में आए लोगों की शिनाख्त जारी है, मंगलवार को उनके नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।

सौ. जागरण न्यूज़


Leave a comment

Design a site like this with WordPress.com
Get started